नयार घाटी के बिलखेत में कमर्शियल पैराग्लाइडिंग शुरू, आसमान से निहार सकेंगे घाटी का सौंदर्य

by
  • पर्यटन विभाग से मिली अनुमति, पहले दिन सात उड़ानें; साहसिक पर्यटन को पंख लगने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के रास्ते

पौड़ी। नयार घाटी में साहसिक पर्यटन को नई उड़ान मिल गई है। बिलखेत में सोमवार से कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई है। पर्यटन विभाग से अनुमति मिलने के बाद एडवेंचर बकेट कंपनी ने पर्यटकों के लिए उड़ानें शुरू कर दी हैं। पहले दिन पायलट मयंक बिष्ट और तारा सिंह डंगवाल ने स्थानीय युवाओं के साथ सात उड़ानें भरीं। पैराग्लाइडिंग की शुरुआत से नयार घाटी में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

ढाढ़ूखाल से टेकऑफ, बिलखेत में लैंडिंग

जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी ने बताया कि पर्यटन निदेशालय से अनुमति मिलने के बाद बिलखेत में कमर्शियल टेंडम पैराग्लाइडिंग शुरू की गई है। इसके माध्यम से पर्यटक नयार घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य को आसमान से निहार सकेंगे। उन्होंने बताया कि पैराग्लाइडिंग के लिए कल्जीखाल विकासखंड के ढाढ़ूखाल से टेकऑफ किया जा रहा है, जबकि बिलखेत में राजकीय इंटर कॉलेज के समीप मैदान में लैंडिंग की व्यवस्था की गई है।

फोन पर करा सकेंगे बुकिंग

पर्यटन विभाग के अनुसार, पर्यटक टेंडम पैराग्लाइडिंग के लिए फोन के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। इससे उन्हें निर्धारित समय पर उड़ान का अवसर मिल सकेगा। कमर्शियल उड़ानें शुरू होने से नयार घाटी में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्र को नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

एडवेंचर बकेट कंपनी के संचालक विक्रम नेगी ने बताया कि पैराग्लाइडिंग शुरू होने से पर्यटकों को घाटी के प्राकृतिक नजारों का अनूठा अनुभव मिलेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है। पैराग्लाइडिंग के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

Related Posts